आजमगढ़ में दो अल्ट्रासाउंड केंद्र सीज:तीन दिनों से लगातार स्वास्थ्य विभाग का चल रहा है अभियान जिले में बड़ी संख्या में चल रहे अवैध सेंटर

आजमगढ़ जिले में अवैध रूप से चलने वाले क्लीनिक और पैथोलॉजी सेंटर के विरुद्ध तीन दिनों से अभियान चलाया गया है। इस अभियान के अंतर्गत आधा दर्जन क्लीनिक और पैथॉलाजी केंद्र को सील किया जा चुका है। जिले के CMO डॉक्टर एन आर वर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड, सोनोग्राफी केंद्रों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एडिशनल सीएमओ, नोडल अधिकारी पीसी पीएनडीटी (अल्ट्रासाउंड) के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा हरैया क्षेत्र में औचक निरीक्षण और छापेमारी की गई।
उक्त कार्रवाई के दौरान दो अल्ट्रासाउंड केंद्रों को नियमों के उल्लंघन एवं बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
निरीक्षण में निम्न केंद्रों पर अनियमितताएं पाई गईं। जनता अल्ट्रासाउंड सेंटर पर निरीक्षण के दौरान यह केंद्र अपंजीकृत पाया गया। मौके पर अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध थी। परंतु संचालन की स्थिति संदिग्ध पाई गई। निरीक्षण के समय कोई मरीज अथवा अधिकृत चिकित्सक उपस्थित नहीं था। नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए केंद्र को सीज कर दिया गया। इसके साथ ही शिवम सोनोग्राफी सेंटर यह केंद्र भी बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाया गया। केंद्र के भीतर एक छोटी अल्ट्रासाउंड मशीन मिली। छापेमारी के समय न तो कोई मरीज मौजूद था और न ही कोई पंजीकृत चिकित्सक अनियमितताओं के चलते केंद्र को सीज कर दिया गया।

एक दिन पहले सोनोग्राफी केंद्र और क्लीनिक हो चुका है सील
आजमगढ़ में स्वास्थ्य विभाग में जिले में चलने वाले अवैध क्लिनिक और सोनोग्राफी के विरुद्ध अभियान चलाया हुआ है। एक दिन पूर्व जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में शारदा क्लीनिक में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद बुधवार की रात शारदा क्लीनिक को सील कर दिया गया। इसी क्रम में गुरुवार को बिलरियागंज के निकट अवैध रूप से संचालित की जा रही सम्राट सोनोग्राफी सेंटर को भी सील किया गया है। मामले में शिकायत मिल रही थी कि केंद्र पर ना तो कोई पंजीकृत डॉक्टर है और ना ही वैध लाइसेंस है। इस शिकायत पर जिले के सीएमओ डॉक्टर एन आर वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉक्टर अलेंदे कुमार ने अपनी टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया।