आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में बिजली के खंभे पर एक किशोरी के चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा किए जाने का मामला सामने आया है।
प्रेम प्रसंग के चलते एक किशोरी हाईवोल्टेज बिजली के खम्भे पर चढ़ गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी किशोरी खम्भे से उतरने को तैयार नहीं हुई। अंततः पुलिस के आश्वासन के बाद वह नीचे उतरी, जिसके बाद पुलिस उसे अपने साथ कोतवाली ले गई। यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। यह प्रेमी जोड़े जौनपुर के शाहगंज के रहने वाले हैं। प्रेमी से विवाह की जिद पर थी अड़ी
जिले के दीदारगंज क्षेत्र के बैरकडीह गांव की उत्तर सीवान में स्थित हाईवोल्टेज विद्युत खम्भे पर मंगलवार को दोपहर दो बजे नटौली गांव की अनुसूचित बस्ती की एक किशोरी अचानक चढ़ गई। किशोरी अपने प्रेमी से विवाह की जिद पर अड़ी हुई थी। घटना को सबसे पहले आस-पास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने देखा। जिसके बाद शोर मचाया गया और देखते ही देखते आसपास के गांवों के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने काफी देर तक किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और बार-बार यही कहती रही कि वह अपने प्रेमी से ही शादी करेगी। हाईवोल्टेज खम्भे पर चढ़ने के कारण लोगों में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने पर शाहगंज कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने भी काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। अंततः पुलिस ने किशोरी को आश्वासन दिया कि उसकी बात सुनी जाएगी। उसके प्रेमी से विवाह के संबंध में उचित कार्यवाही की जाएगी। पुलिस के इस आश्वासन के बाद किशोरी ने भरोसा जताते हुए खम्भे से नीचे उतरने का निर्णय लिया। किशोरी के नीचे उतरते ही पुलिस उसे अपने साथ शाहगंज कोतवाली ले गई। जहां पूछताछ और आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। आरोपी और आरोपी के परिजनों ने किया गुमराह
इस बारे में मामले की छानबीन कर रही शाहगंज थाने की पुलिस का कहना है कि पीड़िता के साथ आरोपी समीउल्लाह ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया था। जब पीड़िता ने शादी करने की बात कही तो आरोपी ने इनकार कर दिया था। जिसके बाद पीड़िता के परिजनों ने इस मामले में मुकदमा लिखवाया था और आरोपी समीउल्लाह जेल चला गया था। आरोपी के जेल जाने के बाद आरोपी के परिजनों ने लड़की के परिजनों से संपर्क किया और लड़के से शादी करने की बात भी कहीं। ऐसे में लड़की को गुमराह करके पेपर पर यह लिखवा लिया कि गांव वालों के कहने पर झूठा मुकदमा लिखवाया था। जिसके आधार पर आरोपी की जमानत हो गई जेल से छुटकारा आने के बाद आरोपी ने ना तो विवाह किया और मुंबई भाग गया। आरोपी की हरकतों से पीडित अवसाद में आ गई और बिजली के खंभे पर चढ़ गई।