आजमगढ़ में मंत्री संजय निषाद की ‘कार्यकर्ताओं की पाठशाला’:नैतिक शिक्षा से लेकर चुनावी रणनीति तक समझाया, कहा-2027 के लिए तैयार हो जाइए

आजमगढ़ के अहिरौला थाना क्षेत्र स्थित ब्लॉक में सोमवार को प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की विशेष कार्यशाला को संबोधित किया। दौरे के दौरान मंत्री ने सबसे पहले कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। कार्यशाला को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि इस तरह की पाठशालाओं का उद्देश्य कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संगठन, राजनीति और नैतिक मूल्यों की पूरी समझ देना होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी पार्टी की रीढ़ होते हैं। पार्टी को खड़ा रखना, मतदाताओं को जोड़ना और चुनावी ताकत बढ़ाना। इन सभी में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होती है। कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर ही पार्टियां चुनाव लड़ती और जीतती हैं। कार्यकर्ताओं ने पाठशाला, कार्यशाला और मधुशाला में बताया अंतर
संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं को ‘पाठशाला’, ‘कार्यशाला’ और ‘मधुशाला’ का अंतर समझाते हुए कहा कि अब समय है पुरानी सोच से बाहर निकलने का। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल को समझते हुए नई सोच के साथ जुटना होगा। मंत्री ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव के अलावा पंचायत चुनाव भी नजदीक हैं। पंचायत चुनाव में भी पार्टी जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के प्रत्याशी उतारेगी और इन्हीं कार्यकर्ताओं के दम पर जीत दर्ज करेगी। लगभग दो घंटे तक बंद कमरे में चली इस कार्यशाला में मंत्री ने कार्यकर्ताओं को नैतिक शिक्षा, राजनीतिक समझ और संगठन की मजबूती का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि हम यह देखने आए हैं कि कौन सच में पार्टी के लिए काम करता है, कौन सिर्फ ‘पौवा’ लगाने वाला है और कौन सिर्फ पैसे के बल पर राजनीति करना चाहता है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में सक्रिय होकर काम करने का निर्देश दिया। इस मौके पर संयोजक प्रदीप सिंह उर्फ गब्बर, वंशी निषाद, सुनील निषाद, संजय निषाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।