बर्रा में एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के निदेशक के खिलाफ जमीन का सौदा कर 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर कानून एवं व्यवस्था के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। बिठूर के सूबेदार नगर पेशवानगर निवासी रवींद्र सिंह चौहान के अनुसार नानकारी आईआईटी स्थित सांई स्पर्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक आलोक कुमार सविता से एक जमीन का सौदा हुआ था, जिसके एवज में दो अप्रैल 2024 को 3.21 लाख रुपये बैनामे के तौर पर दिए।इसके बाद 15 अप्रैल 2024 को पांच लाख रुपये नकद व छह लाख रुपये आरटीजीएस से ट्रांसफर किए। इसके बावजूद उन्होंने जमीन उनके नाम पर नहीं की। रकम वापसी का दबाव बनाया तो रुपये हड़पने की बंद खाते की छह लाख की चेक थमा दी। जानकारी पर उन्होंने फिर वापसी की बात कही तो जान से मारने की धमकी दी। जेसीपी आशुतोष कुमार के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। बर्रा थाना प्रभारी रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कार्रवाई की जाएगी।