इटावा में युवक ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या:पांच बहनों का इकलौता भाई था, पत्नी छोड़कर गई थी

इटावा के थाना क्षेत्र के सरैया गांव में एक युवक ने घर के अंदर कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बृजमोहन के इकलौते पुत्र अमित कुमार (करीब 24 वर्ष) के रूप में हुई है। यह घटना बुधवार शाम को हुई जब वह घर पर अकेला था। अमित की मां उषा देवी, जो मजदूरी करती हैं, अपनी बेटियों के साथ देर शाम घर लौटीं। उन्होंने कमरे को अंदर से बंद पाया। किसी तरह दरवाजा खोलने पर अमित फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने आनन-फानन में अमित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीण कन्हैया ने बताया कि अमित पांच बहनों में अकेला भाई था। उसकी शादी तीन साल पहले हुई थी, लेकिन एक साल पहले ही उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इस वजह से वह अक्सर परेशान रहता था। अमित की तीन बहनों की शादी हो चुकी है। अमित की मौत की खबर सुनकर उसके माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्सक ललित कुमार ने बताया कि मामला फांसी लग रहा है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।