मुजफ्फरनगर में बीए सेकंड ईयर के छात्र उज्ज्वल राणा की फीस न दे पाने के कारण हुई मौत के बाद अब उनके परिवार को लाखों रुपए की आर्थिक सहायता मिल रही है। उज्ज्वल ने 8 नवंबर को 7000 रुपए की फीस जमा न कर पाने के कारण खुद को आग लगा ली थी, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सोमवार को बुढ़ाना के डीएवी कॉलेज में आयोजित पंचायत में उज्ज्वल के परिवार के लिए लगभग 24 लाख रुपए की सहायता की घोषणा की गई। यह राशि बढ़कर 50 लाख रुपये तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इस पंचायत में प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि दोनों मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक (देहात) अतुल बंसल ने मौके पर पहुंचकर परिवार को 15 लाख रुपये की सहायता का आश्वासन दिया। राज्यमंत्री ने दो लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने दो लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की। समाजवादी पार्टी के विधायक पंकज मलिक ने अपनी पार्टी की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की ओर से गठवाला खाप के चौधरी राजेंद्र मलिक ने भी दो लाख रुपए देने का वादा किया। इसके अतिरिक्त, पंचायत में मौजूद अन्य समाजसेवियों ने लगभग छह लाख रुपये की सहायता का आश्वासन दिया। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से भी संपर्क कर अतिरिक्त आर्थिक मदद का आश्वासन लिया गया है। बताया गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान परिवार को और सहायता दिलाने का विषय उठाया जाएगा।