उत्तर माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट के प्रत्याशी होंगे भोजकुमार:आगरा में क्षेत्रीय संसदीय बोर्ड बैठक में फैसला, पुरानी पेंशन जैसे मुद्दे रहेंगे प्रमुख एजेंडे

उत्तर माध्यमिक शिक्षक संघ (पाण्डेय गुट) ने आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. भोज कुमार शर्मा को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। यह निर्णय संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंह पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। बैठक हौलमैन इंस्टीट्यूट कलक्ट्रेट में हुई। इसमें प्रदेश संगठन प्रवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी, महामंत्री आशीष कुमार सिंह और कोषाध्यक्ष नन्दकुमार मिश्रा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। घोषणा के बाद शिक्षकों और पदाधिकारियों ने डॉ. शर्मा को प्रत्याशी बनाए जाने पर शुभकामनाएं दीं। डॉ. भोज कुमार शर्मा अहमदिया हनीफिया इंटर कॉलेज आगरा में अंग्रेजी के प्रवक्ता हैं और वर्षों से शिक्षक हितों के लिए संघर्षरत रहे हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि चुनाव में पुरानी पेंशन बहाली, तदर्थ शिक्षकों का विनियमीतीकरण, एरियर भुगतान और संविदा के स्थान पर स्थाई नियुक्तियों जैसे मुद्दे उनके प्रमुख एजेंडे रहेंगे। उन्होंने शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के लिए धारा 12, 18 और 21 की बहाली और वित्तविहीन शिक्षकों के लिए सम्मानजनक मानदेय की मांग भी दोहराई। बैठक में दिनेश चंद्र गुप्ता, शिव ज्योति पुंडीर, डॉ. सत्य प्रकाश शर्मा, लक्ष्मी रानी शर्मा, राहुल शर्मा, एस. सैमसन, श्वेता शर्मा सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।