उन्नाव में अज्ञात वाहन की टक्कर से नवविवाहिता की मौत:आसीवन में ननद गंभीर घायल, एक माह पहले हुई थी शादी

उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सड़क हादसे में नवविवाहिता की मौत हो गई। अजमतनगर गांव के पास उन्नाव-संडीला मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने ननद-भाभी को टक्कर मार दी। इस घटना में भाभी अनन्या (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ननद अंजलि (17) गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ। अजमतनगर निवासी अंकित कुमार की पत्नी अनन्या अपनी ननद अंजलि पुत्री श्यामलाल के साथ गांव के बाहर शौच के लिए गई थीं। घर लौटते समय सड़क पार करते वक्त मियागंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घायलों को देवर अजय कुमार और परिजनों की मदद से मियागंज सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनन्या को मृत घोषित कर दिया। अजय ने बताया कि अनन्या का विवाह मात्र एक माह छह दिन पहले 30 नवंबर को हुआ था। उनके पति अंकित कुमार 29 दिसंबर को अमृतसर गए थे, जहां वे एक सुनार की दुकान पर काम करते हैं। मृतका का मायका गंगाघाट थाना क्षेत्र के सन्नी सराय में है। उनके पिता नन्हकू और मां उमा हैं। परिवार में तीन बहनें और एक भाई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर आसीवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।