उन्नाव-संडीला मार्ग पर मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। उसकी ननद गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने 23 वर्षीय अनन्या पत्नी अंकित कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 17 वर्षीय ननद अंजली पुत्री श्यामलाल का इलाज चल रहा है, जिसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आसीवन थाना क्षेत्र के अजमत नगर गांव निवासी अनन्या अपनी ननद अंजली के साथ मंगलवार शाम गांव के बाहर चकलवंसी-संडीला मार्ग की ओर घूमने गई थीं। घर लौटते समय गांव के बाहर सड़क पार करते हुए मियागंज की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं। हादसे की सूचना मिलते ही अनन्या के देवर अजय कुमार परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल घायलों को मियागंज सीएचसी पहुंचाया। परिजनों ने बताया कि मृतका अनन्या की शादी 30 नवंबर को हुई थी, यानी शादी को अभी एक माह पांच दिन ही हुए थे। शादी के बाद से वह ससुराल में रह रही थी। उसके पति अंकित कुमार 29 दिसंबर को रोजगार के सिलसिले में अमृतसर गए हुए हैं, जहां वह सुनार की दुकान पर काम करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही पति और मायके पक्ष में मातम छा गया। अनन्या का मायका गंगाघाट थाना क्षेत्र के सन्नी सराय मोहल्ला में है। उनके पिता नन्हकू और मां उमा हैं। बेटी की असमय मौत की खबर से मायके और ससुराल दोनों पक्षों में गहरा दुख है। अनन्या की तीन बहनें हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसीवन थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना देकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।