उन्नाव में पत्नी से बात करने पर युवक की हत्या:दवाखाना पर किया धारदार हथियार से हमला, आरोपी फरार

उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र के कूरेमऊ गांव में मंगलवार शाम एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घायल को तत्काल मियागंज सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान कूरेमऊ निवासी 47 वर्षीय अरविंद रैदास के रूप में हुई है। वह मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे डॉ. राजेश खन्ना के दवाखाना पर दवा लेने गए थे। इसी दौरान गांव का ही रामनिवास बढ़ई भी वहां पहुंचा। रामनिवास ने अरविंद पर अपनी पत्नी से बात करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर रामनिवास ने अपने पास रखे धारदार हथियार से अरविंद पर कई वार किए। अरविंद मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े। ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत मियागंज सीएचसी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर डी. नाथ ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें लगने तथा अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अरविंद की मौत हुई। घटना की सूचना मिलते ही आसीवन थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पाण्डेय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी रामनिवास की तलाश में पुलिस की टीमें गांव और आसपास के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। मृतक अरविंद की पत्नी अनीता बीडीसी सदस्य हैं। उनकी एकमात्र पुत्री आरती का विवाह हो चुका है। परिजनों के अनुसार, अरविंद शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। इस अचानक हुई घटना से पूरा परिवार सदमे में है।