उन्नाव में बाइक-साइकिल भिड़ंत में एक की मौत:गंभीर घायल दूसरा जिला अस्पताल रेफर, पुलिस जांच जारी

पुरवा में शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक और साइकिल की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव हिम्मतखेड़ा निवासी 30 वर्षीय पवन पुत्र बसंत शनिवार रात करीब सात बजे बाइक से लंगरपुर गांव से काम निपटाकर घर लौट रहा था। लंगरपुर चौराहा के पास सामने से आ रही एक साइकिल से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पवन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साइकिल सवार लंगरपुर निवासी महेश भी इस हादसे में गंभीर रूप से चोटिल हो गया। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को पुरवा सीएचसी ले जाया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, महेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।