उन्नाव में मालगाड़ी से टकराकर युवक-युवती की मौत:दिल्ली से लखनऊ जा रही तेजस एक्सप्रेस को रोका गया, आधे घंटे तक खड़ी रही गाड़ी

उन्नाव में सोमवार रात एक युवक और युवती की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना गंगाघाट और मगरवारा रेलवे स्टेशन के बीच सहजनी क्रॉसिंग के पास डाउन लाइन पर हुई। दोनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देर रात डाउन ट्रैक पर तेज रफ्तार मालगाड़ी गुजर रही थी, तभी युवक और युवती उसकी चपेट में आ गए। टक्कर के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक को खाली कराया। इस हादसे के बाद दिल्ली से लखनऊ जा रही तेजस एक्सप्रेस को एहतियातन रोक दिया गया। ट्रेन लगभग 30 मिनट से अधिक समय तक ट्रैक पर खड़ी रही। रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों की गति भी धीमी कर दी, जिससे कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक युवक और युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड के आधार पर उनकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों ट्रैक पर कैसे पहुंचे। पुलिस आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य कारण से ट्रैक पर होने की आशंका को लेकर विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। रेलवे अधिकारियों ने भी इस घटना की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। देर रात तक पुलिस और रेलवे कर्मी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि शिनाख्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।