बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड डीएसपी जगदीश सिंह पाटनी को शस्त्र लाइसेंस मिल गया है। घर पर हुई फायरिंग के बाद उन्होंने लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। जांच और औपचारिकताओं के बाद डीएम अविनाश सिंह ने उन्हें शस्त्र लाइसेंस जारी कर दिया। दिशा के घर पर हमला कराने में रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग का हाथ सामने आया था। घटना के बाद यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया था। 11 और 12 सितंबर की रात कोतवाली थाना क्षेत्र में पुरानी पुलिस लाइन के पास स्थित दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग हुई थी। फायरिंग कांड के बाद बरेली से लेकर लखनऊ तक हड़कंप मच गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद मामले का संज्ञान लिया था। इसके बाद यूपी एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीमों ने इस फायरिंग में शामिल सभी आरोपियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपी मुठभेड़ में ढेर हो गए थे। दिशा पाटनी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान तक पहुंची और पूरे कांड का पर्दाफाश कर दिया गया। यह पूरा विवाद कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के लिव इन रिलेशनशिप वाले बयान से शुरू हुआ था। अनिरुद्धाचार्य के बयान पर दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। इसके बाद रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने फेसबुक के जरिए दिशा और खुशबू को धमकियां दीं। गैंग ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि संत प्रेमानंद और अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ बोलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गैंग ने फेसबुक पर ही हमले की जिम्मेदारी भी ली थी।