एटा में आवारा पशु से टकराकर सिक्योरिटी गार्ड की मौत:कोर्ट से लौटते समय हुआ हादसा, पुलिस ने जांच शुरू की

एटा के बागवाला थाना क्षेत्र के गोलाकुंआ के समीप एक सड़क हादसे में सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। बाइक सवार सिक्योरिटी गार्ड राधेश्याम आवारा गौवंश से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब राधेश्याम (40) एटा कोर्ट में तारीख कर अपने भाई की ससुराल नगरिया धूमरी में तेरहवीं संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में अचानक एक आवारा गौवंश सामने आ गया, जिससे उनकी बाइक टकरा गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। बाद में पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। बागवाला थाना प्रभारी ओ.पी. सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक राधेश्याम पुत्र ओंकार सिंह, उम्र 40 वर्ष, मलावन थाना क्षेत्र के सेंथरी गांव के निवासी थे। वह दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे और कुछ दिन पहले ही घर लौटे थे। राधेश्याम अपने पीछे 12 वर्षीय बेटे अंश और 18 वर्षीय बेटी रिया को छोड़ गए हैं। उनके पिता ओंकार सिंह ने बताया कि उनका बेटा कोर्ट से लौटकर तेरहवीं में शामिल होने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।