एटा में पुलिस टीम पर पथराव:डायल 112 की गाड़ी के शीशे तोड़े, दो पुलिसकर्मी घायल

एटा में अलीगंज के चमन नगरिया में डायल 112 पुलिस टीम पर पथराव हुआ है। इस हमले में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। घटना के बाद पांच थानों की पुलिस फोर्स और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। यह घटना अलीगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज-मैनपुरी हाईवे पर स्थित चमन नगरिया कॉलोनी में हुई। शाहरुख नामक एक व्यक्ति ने यूपी डायल 112 पर कॉल कर बताया था कि उसके पड़ोसी ने उसके साथ मारपीट की और उसके पैसे लूट लिए। सूचना मिलने पर पीआरवी संख्या यूपी 32 डीजी 5586 पर सवार कांस्टेबल पंकज और चालक प्रेमपाल सिंह चमन नगरिया पहुंचे। वहां पहुंचते ही सैकड़ों लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव भी किया। कांस्टेबल पंकज ने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 15 से 20 लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और बहस करने लगे। उन्होंने एमडीटी (मोबाइल डेटा टर्मिनल) तोड़ने का प्रयास किया, जिसे चालक प्रेमपाल ने बचा लिया, लेकिन इस दौरान उनकी उंगली में गंभीर चोट आई। हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी का साइड मिरर और पीछे का शीशा तोड़ दिया और जमकर पथराव किया।