एटा जनपद के थाना मिरहची क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा गांव कल्याणपुर के पास उस समय हुआ, जब युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। मृतक की पहचान कासगंज जनपद के थाना अमापुर क्षेत्र के टिकुरिया गांव निवासी आनंद (18) पुत्र अशोक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आनंद अपने एक दोस्त के घर से वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मिरहची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा जिला मुख्यालय भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार में युवक की असमय मौत से कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।