लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में चल रहे विशेष रजिस्ट्री कैम्प में गुरुवार शाम तक 109 लोगों ने रजिस्ट्री के लिए आवेदन किया। इनमें से 54 फाइलें तैयार भी कर ली गई हैं। एलडीए ने यह कैम्प 3 से 15 नवंबर तक लगाया गया है। खास बात यह है कि शिविर के अंतिम तीन दिनों में निबंधन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रहेगी ताकि रजिस्ट्री की प्रक्रिया वहीं पूरी की जा सके। एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्राधिकरण की आवासीय और व्यावसायिक योजनाओं में कई आवंटियों ने संपत्ति की कीमत का बड़ा हिस्सा जमा कर दिया है, लेकिन अभी तक रजिस्ट्री नहीं कराई है। ऐसे लोगों की सुविधा के लिए यह विशेष कैम्प लगाया गया है, जहां एक ही पटल पर सभी जरूरी अधिकारी मौजूद रहेंगे और दस्तावेज़ों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उप सचिव माधवेश कुमार के मुताबिक एलडीए ने 1455 ऐसे आवंटियों की सूची तैयार की है जिन्होंने अपनी संपत्ति के सापेक्ष 60 से 100 फीसदी धनराशि जमा कर दी है, लेकिन रजिस्ट्री नहीं कराई। इन सभी को सूचना भेजी जा रही है कि वे इस कैम्प का लाभ उठाकर अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री पूरी कर लें।