ऐसी पोस्ट न करें जिससे माहौल बिगड़े, भावनाएं आहत हों:एसएसपी ने उपद्रवियों को दी कड़ी चेतावनी, सीसीटीवी से निगरानी

मुजफ्फरनगर में आगामी संत रविदास जयंती और शब-ए-बारात पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार देर शाम जिला पंचायत सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने की। इसमें जनपद के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु और सामाजिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर और सभी क्षेत्राधिकारी सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। गोष्ठी में अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की। संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी से अपील की कि वे एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी सख्त चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी कोई पोस्ट साझा न की जाए जिससे किसी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हों या आपसी सौहार्द बिगड़े। अधिकारियों ने बताया कि संत रविदास जयंती और शब-ए-बारात के दौरान निकलने वाली शोभायात्राओं और जुलूसों में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाए। किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करने की हिदायत दी गई। शोभायात्राओं में शांति, अनुशासन और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के अंत में प्रशासन ने विश्वास जताया कि जनपद के सभी नागरिकों के सहयोग से आगामी पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होंगे।