गाजियाबाद कलेक्ट्रेट स्थित जिला पूर्ति अधिकारी ऑफिस में बुधवार को बाहरी लोगों ने जमकर हंगामा काटा। जहां डीएसओ और कर्मचारियों को धमकाया। स्टाफ से गाली गलौज करते हुए मारपीट का प्रयास किया। इसकी वीडियो भी सामने आई है। राशनकार्ड के सम्बंध में की शिकायत भानु प्रताप नामक युवक अपने निरस्त राशनकार्ड से जुड़े मामले को लेकर कार्यालय पहुंचा था। कर्मचारियों के अनुसार प्रक्रिया समझाए जाने के बावजूद युवक अचानक आक्रामक हो गया और कार्यालय स्टाफ के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। कर्मचारियों का आरोप है कि युवक स्टोर रूम तक जा पहुंचा और सरकारी दस्तावेज़ों में बाधा डालने की कोशिश की। इतना ही नहीं उसने ऑफिस परिसर में थूकने जैसे कृत्य कर माहौल बिगाड़ दिया। इस युवक के साथ अन्य लोग भी साथ थे। हंगामे की स्थिति बनी तो सूचना पर पुलिस को बुलाया गया। थोड़ी देर बाद युवक अपने पिता व अन्य लोगों के साथ दोबारा कार्यालय पहुंच गया और स्टाफ को धमकाने लगा। सरेआम गाली गलौज की महिला कर्मचारियों ने भी उसके व्यवहार को लेकर आपत्ति जताई। जहां माहौल के कारण कार्यालय में कार्य प्रभावित रहा। कर्मचारियों ने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि सरकारी कामकाज बाधित न हो। आरोपी के धमकाने की वीडियो भी सामने आई है। उस समय डीएसओ अमित तिवारी भी ऑफिस में मौजूद थे। उनके साथ भी अभद्रता की गई।