कानपुर के बिनगवा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओरामाइन डाई से रंगा गया 372 क्विंटल भुना चना जब्त किया है। जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख 48 हजार रुपये बताई जा रही है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) श्री संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में एफएसडीए कानपुर नगर की टीम ने बिनगवां स्थित बाबा बैजनाथ ट्रेडर्स के परिसर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान गोदाम में संग्रहीत कुल 1240 बोरा भुना चना की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में भुना चना ओरामाइन डाई से रंगा हुआ पाया गया, जो खाद्य सुरक्षा मानकों के विरुद्ध है। टीम ने मौके पर ही नमूने संग्रहित कर विधिक प्रक्रिया के तहत पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनहित को देखते हुए मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।