बाराबंकी के सिरौलीगौसपुर में बुधवार रात एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चालक सहित चार लोग घायल हो गए। यह हादसा बदोसराय–टिकैतनगर मुख्य मार्ग पर मोहद्दीपुर के पास रात करीब 8:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली बदोसराय की ओर जा रही थी। मोहद्दीपुर के पास ट्रॉली का एक पहिया दबने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दौरान ट्रॉली में सवार लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान चालक रामू, विकास, रामलखन और बब्बू के रूप में हुई है। ये सभी विसवां के निवासी हैं। हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने फंसे हुए लोगों को बाहर निकालकर सभी घायलों को संयुक्त चिकित्सालय सिरौली गौसपुर पहुंचाया। कोतवाली बदोसराय के प्रभारी अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है और सभी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।