औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र में खेत की रखवाली कर रहे एक किसान पर सांड ने हमला कर दिया। इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना शुक्रवार शाम करीब सात बजे की है। नगला पाठक गांव निवासी 70 वर्षीय जय नारायण पाल अपने छोटे भाई सोवरन सिंह पाल के साथ गांव के बाहर स्थित अपने खेत पर गेहूं की फसल की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान एक सांड फसल खा रहा था। जब जय नारायण पाल ने सांड को भगाने का प्रयास किया, तो सांड ने उन पर हमला कर दिया और सींगों से पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर छोटे भाई सोवरन सिंह पाल मौके पर पहुंचे और किसी तरह सांड को भगाया। उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन गंभीर अवस्था में जय नारायण पाल को एंबुलेंस की मदद से दिबियापुर सीएचसी ले गए। वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के दो पुत्र सर्वेश कुमार और मुकेश कुमार तथा एक पुत्री रानी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।