कन्नौज में तैनात दरोगा पर कार चोरी का मुकदमा दर्ज:महिला किसान नेता की शिकायत पर जांच के बाद कार्रवाई

इटावा की रहने वाली सरिता यादव ने कन्नौज जिले के ठठिया थाने में तैनात दरोगा राकेश पटेल पर उनकी कार चोरी करने का आरोप लगाया है। महेवा सीएचसी परिसर से कार गायब होने, सीसीटीवी फुटेज में दरोगा के दिखने, फोन पर कार ले जाने की बात स्वीकार करने और धमकी देने के आरोपों के बाद पुलिस ने जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीएचसी परिसर से कार गायब सरिता यादव ने बताया कि उनकी कार सात दिसंबर 2025 की रात महेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में खड़ी थी। नौ जनवरी की सुबह जब वह कार लेने पहुंचीं तो वाहन वहां नहीं मिला। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने सीएचसी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई। फुटेज में एक दरोगा कार की खिड़की तोड़कर उसे ले जाते दिखाई दिया। सरिता यादव का आरोप है कि फुटेज में दिख रहा व्यक्ति दरोगा राकेश पटेल है, जो वर्ष 2018 में महेवा चौकी पर तैनात रह चुके हैं। इस समय कन्नौज के ठठिया थाने में तैनात है। फोन पर बातचीत और धमकी का आरोप घटना की जानकारी देने के लिए वह थाने पहुंचीं, जहां से उन्हें महेवा चौकी भेजा गया। उन्होंने चौकी इंचार्ज को लिखित प्रार्थना पत्र दिया। चौकी इंचार्ज ने दरोगा से फोन पर बात की। सरिता यादव का कहना है कि बातचीत में दरोगा ने कार ले जाने की बात स्वीकार की और दो दिन में वापस करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इसके बाद कई बार फोन करने के बावजूद कार वापस नहीं की गई। उनका आरोप है कि दोबारा फोन करने पर दरोगा ने गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि कॉल रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कार वापस न मिलने और सुनवाई न होने पर उन्होंने 29 दिसंबर 2025 को फिर से थाने में प्रार्थना पत्र दिया। बाद में सीओ भरथना को भी शिकायत दी गई। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर दरोगा राकेश पटेल के खिलाफ कार चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही कन्नौज पुलिस को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बताया गया है कि इटावा में पूर्व तैनाती के दौरान भी उनके खिलाफ चोरी की कार रखने का मामला दर्ज हो चुका है।