संभल पुलिस ने डेढ़ लाख रुपये के तकादे को लेकर हुई हत्या का खुलासा किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने हत्या को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की थी। उक्त घटना संभल जिले की गुन्नौर तहसील के बबराला कस्बा क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर हुई। मृतक की पहचान हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी निवासी रविंद्र सिंह (40) पुत्र जगवीर के रूप में हुई है। पुलिस ने राहुल चौहान (निवासी हाजीपुर, स्याना) और राजेश (निवासी खनौदा, औरंगाबाद, बुलंदशहर) को गिरफ्तार किया है। मृतक रविंद्र सिंह ने आरोपी राहुल चौहान से डेढ़ लाख रुपये का तकादा किया था। राहुल ने रविंद्र को पेट्रोल पंप पर नौकरी दिलाने और पैसे लौटाने का बहाना बनाकर बुलाया था। एक दिन पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में काम करने के दौरान रात में किसी बात को लेकर रविंद्र का आरोपियों से झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटकर रविंद्र की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने इसे सड़क हादसा दिखाने की योजना बनाई। फरवरी की मध्यरात्रि को उन्होंने शव को पेट्रोल पंप के सामने से गुजर रही सड़क पर फेंक दिया। कुछ घंटों बाद 108 एंबुलेंस को सड़क हादसे की सूचना देकर बुलाया गया। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। मृतक के परिजन भी वहां आ गए। पुलिस के समझाने पर रविंद्र का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया कि मृतक के भाई धर्मवीर की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।