कर्ज में डूबे किसान ने की आत्महत्या:एटा में फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

एटा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बिजौरी गांव में एक किसान ने कर्ज से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 35 वर्षीय राजेश उर्फ राजू पुत्र रमेश चंद्र का शव खेत में एक पेड़ से लटका मिला। राजेश की पत्नी खेत में पशुओं के लिए चारा काट रही थी, तभी उसने अपने पति का शव बंबे के समीप एक पेड़ से लटका देखा। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल कोतवाली देहात थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। गांव के ज्ञानदास ने जानकारी देते हुए बताया कि राजेश पर काफी कर्ज था। उन्होंने पट्टे पर खेती ली थी, जिसमें फसल को नुकसान हुआ था। इसी आर्थिक तंगी और नुकसान के कारण वह परेशान चल रहे थे। कोतवाली देहात थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि युवक आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।