कल्याणपुर में वाहन की टक्कर से युवक की मौत:कानपुर देहात जा रहे थे बाइक सवार, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

कानपुर के कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बारा सिरोही नहर के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के ग्राम मैनथू निवासी रामेश्वर का 35 वर्षीय पुत्र मुकेश बाइक से कल्याणपुर होते हुए वापस कानपुर देहात जा रहा था। जैसे ही वह बारा सिरोही नहर के पास पहुंचा, पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।