केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के 22 जनवरी 2026 को प्रस्तावित कानपुर नगर भ्रमण व संगोष्ठी कार्यक्रम को लेकर शहर में ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस कानपुर नगर ने आमजन की सुविधा और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यातायात पुलिस के अनुसार कार्यक्रम के दौरान जाजमऊ पुल, हरजिंदर नगर चौराहा, लाल बंगला, नरौना चौराहा, बड़ा चौराहा, परेड चौराहा, लाल इमली चौराहा, गोल चौराहा, रावतपुर और सीएसजेएम विश्वविद्यालय गेट के आसपास ट्रैफिक दबाव रह सकता है। असुविधा से बचने के लिए पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मॉल रोड और जीटी रोड के इस हिस्से का उपयोग सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक न करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। यातायात पुलिस की नागरिकों से अपील किसी भी प्रकार की असुविधा की स्थिति में नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम (9305104340) या ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर (9305104387) पर संपर्क कर सकते हैं। यातायात पुलिस ने विशेष अपील की है कि सड़क पर चल रहे एम्बुलेंस, फायर टेंडर समेत सभी इमरजेंसी वाहनों को तत्काल रास्ता दें।