कांग्रेस नेता इंस्पेक्टर से बोले- तुम लुटेरे हो:शाहजहांपुर में कुर्क फॉर्च्यूनर को रोकने पर हॉट-टॉक; पुलिस ने जब्त की गाड़ी

शाहजहांपुर में गैंगस्टर एक्ट में कुर्क फॉर्च्यूनर को जब्त करने के दौरान पुलिस की कांग्रेस नेता के साथ हॉट टॉक हुई। पुलिस लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर चेकिंग कर रही थी। तभी कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह नवादा की कार दिखी। इंस्पेक्टर ने कार रुकवाकर चाबी मांगा, तो कांग्रेस नेता से बहस होने लगी। इसपर इंस्पेक्टर गौरव त्यागी ने कहा- बहसबाजी मत कीजिए, आराम से बात कीजिए। हम कागज के नौकर हैं। अगर कागज के नौकर न होते तो यहां नहीं होते। ये गाड़ी कुर्क है, हमें सीज करनी पड़ेगी। मुझे गाड़ी की चाबी दे दो, बात खत्म। हम कानूनन बात करेंगे। तेज बोलने से सच्चाई बदल नहीं जाती। इसपर कांग्रेस नेता ने कहा- तुमने जैतीपुर क्षेत्र को लूटा है। तुम बहुत बड़े इंस्पेक्टर हो। मैं सब जानता हूं। कोर्ट का स्टे थाने में दे चुका हूं। कोर्ट में कोई आरोप नहीं लगा है। तुम कागज के नौकर हो। अभी अफीम पकड़ी गई थी, उसमें कहां जब्ती हुई? हमारी गाड़ी जब्त करने आए हो। इंस्पेक्टर और कांग्रेस नेता में करीब 1 घंटे तक बहस हुई। बाद में कांग्रेस नेता ने ड्राइवर से चाबी मंगवाकर दी, तो पुलिस गाड़ी को जब्त कर जैतीपुर थाने ले गई। घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। इसका वीडियो भी सामने आया है। मामला कटरा थाना क्षेत्र का है। अब समझिए पूरा मामला… जिस लग्जरी कार से कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह नवादा चल रहे थे, वह उनके बड़े भाई उपेंद्र के खिलाफ दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में कुर्की सूची में शामिल थी। उपेंद्र पर समाज कल्याण विभाग में 2 साल पहले हुए 2 करोड़ 52 लाख के पेंशन घोटाले में मामला दर्ज है। 8 अक्टूबर काे इस मामले में उपेंद्र पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। जिसमें 1 करोड़ से ज्यादा कीमत की जमीन और 3 फॉरच्यूनर गाड़ियां भी शामिल हैं। पुलिस जमीन कुर्क कर चुकी है, तीनों गाड़ियों की कुर्की बाकी थी। रविवार को ये हाईवे के किनारे से पकड़ ली गई। नेता ने भाई को धक्का देकर किनारे किया
रविवार रात कटरा और जैतीपुर पुलिस ने लखनऊ-दिल्ली हाईवे स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर के पास ये गाड़ी रोकी। गाड़ी में कटरा विधानसभा सीट से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी मुन्ना सिंह नवादा अपने समर्थकों के साथ मौजूद थे। वो बरेली से लौट रहे थे। फॉर्च्यूनर गाड़ी को रोकते ही जैतीपुर थाना प्रभारी गौरव त्यागी मुन्ना सिंह नवादा से चाबी मांगने लगे, जिसपर दोनों में तीखी बहस होने लगी। मुन्ना ने चाबी देने से इनकार कर दिया और कहा कि चाबी ड्राइवर के पास है, वो लेकर भाग गया है। बहस के दौरान सूचना पाकर पेंशन घोटाले का आरोपी गैंगस्टर उपेंद्र भी पहुंच गया। उसकी भी पुलिस से चाबी लेने काे लेकर बहस हुई। उपेंद्र ने इंस्पेक्टर से कहा कि क्षेत्र को तुमने लूट लिया है। बाद में मुन्ना सिंह ने उसे धक्का देकर किनारे कर दिया। मेरे ऊपर गलत कार्रवाई हुई
पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी मुन्ना नवादा ने बताया कि मेरे पास कुर्की ऑर्डर का स्टे ऑर्डर है, जिसे पुलिस को भेजा है। लेकिन पुलिस किसी की सुनने को तैयार नहीं है। कुछ समय पहले की गई कार्रवाई गलत थी और उन्हें इसकी जानकारी 8 महीने बाद मिली थी। तिलहर की सीओ ज्योति यादव ने बताया- बीती रात जैतीपुर थाना प्रभारी गौरव त्यागी को सूचना मिली थी कि कुर्की की कार्रवाई में शामिल कार कटरा थाना क्षेत्र से गुजरने वाली हैं। उन्होंने चेकिंग लगाकर उस कार को रोका था। उसमें पूर्व प्रत्याशियों मुन्ना सिंह नवादा बैठे थे। चाबी मांगने को लेकर बहसबाजी हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया। कौन हैं कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह
मुन्ना सिंह नवादा का जैतीपुर के अली अकबरपुर नवादा में 3000 वर्ग मीटर का आलीशान मकान बना है। घर में तीन जिला पंचायत सदस्य हैं। जिसमें आदित्य प्रताप सिंह जैतीपुर ब्लॉक से, अरुण प्रताप सिंह जलालाबाद क्षेत्र से, अभिषेक प्रताप सिंह जैतीपुर ब्लॉक से जिला पंचायत के सदस्य हैं। मुन्ना सिंह के पास 10 एकड़ से ज्यादा जमीन है, इसके अलावा कुछ आवासीय जमीनें भी हैं। अब पढ़िए पेंशन घोटाला
कटरा विधानसभा से भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह उर्फ प्रिंस ने 3 अप्रैल 2023 को सदन में शाहजहांपुर के समाज कल्याण विभाग में पेंशन घोटाले की आवाज उठाई थी। उसके बाद जांच में 2 करोड़ 52 लाख रुपए गबन सामने आया था। 2390 बुजुर्ग का खाता संख्या बदलकर अन्य खातों में उनकी पेंशन मंगवाई गई। जांच में तत्कालीन समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार समेत 9 लोगों के नाम सामने आए थे। जिन्होंने घोटाला कर रुपए गबन किए थे। शासन के आदेश पर तत्कालीन समाज कल्याण अधिकारी को निलंबित कर उनकी जगह पर वन्दना सिंह को समाज कल्याण अधिकारी बनाया गया। उनकी शिकायत पर तत्कालीन समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार समेत 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई थी। बाद में कांट थाना क्षेत्र के रहने वाले जयपाल और सीतापुर के रहने वाले अनूप कुमार को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से शाहजहांपुर के अधिकारियों की बनी हुई फर्जी मोहर, 146 आधार कार्ड की छायाप्रति 51 पासबुक, 25 बैंक पासबुक, 14 लोगों की खाता संख्या बरामद की है। इनकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी मुन्ना सिंह नवादा के भाई उपेंद्र का नाम सामने आया। तब पुलिस ने उपेंद्र का नाम घोटाले की FIR में बढ़ाया था। अभी उपेंद्र जमानत पर बाहर है। ————————– ये खबर भी पढ़ें कानपुर IIT से बीटेक पास छात्रा गंगा में कूदी:IAS की तैयारी कर रही थी, बिजनौर में मॉर्निग वॉक के लिए निकली थी बिजनौर में कानपुर IIT से बीटेक कर चुकी छात्रा गंगा में कूद गई। वह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए अपनी चाचा की बेटी के साथ घर से निकली थी। वहां से गंगा बैराज पहुंच गई। बैराज पर अचानक रेलिंग पर चढ़ी और छलांग लगा दी। पूरी खबर पढ़ें