कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र में मसकन घाट के सामने जंगल में रविवार शाम 4 बजे एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को गड्ढे में भरे पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शव लगभग 15-20 दिन पुराना प्रतीत होता है और महिला की अनुमानित आयु 30 वर्ष बताई जा रही है। महिला के दाहिने हाथ पर एक टैटू गुदा हुआ है, हालांकि शव पुराना होने के कारण उसका आधा हिस्सा गायब हो चुका है। सिर के बाल भी गायब मिले। थाना कैंट पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। मसकन घाट के आसपास का क्षेत्र अक्सर सूनसान रहता है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में महिला के साथ कोई घटना हुई होगी। थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि सूचना मिलने पर फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच कराई गई है। उन्होंने पुष्टि की कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।