शहर में बैठे अधिकारियों द्वारा कोडीनयुक्त कफ सिरप व नशीली दवाओं के कारोबार में नकेल न कस पाना शासन को अखर गया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा आयुक्त रोशन जैकब की छापेमारी के बाद बुधवार कानपुर मण्डल के असिस्टेंट कमिश्नर (औषधि) दिनेश कुमार तिवारी और कानपुर नगर में तैनात ड्रग इंस्पेक्टर रेखा सचान को मुख्यालय सम्बद्ध किया किया गया है। एनडीपीएस में दर्ज होगी एफआईआर
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उप्र की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि 17 नवंबर को दोनों अधिकारी मुख्यालय में योगदान देंगे। इसके अलावा चार फर्मों पर एनडीपीएस व बीएनएस में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। इनके अलावा पूर्व में चार फर्मों पर दर्ज मुकदमें में एनडीपीएस की धाराएं जुड़ेंगी। मंगलवार को रोशन जैकब ने यहां मारा छापा
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त रोशन जैकब ने अग्रवाल ब्रदर्स बिरहाना रोड (विनोद अग्रवाल), मेडिसना हेल्थकेयर कोपरगंज (अनमोल गुप्ता एवं शिवम अग्रवाल), वेदांश फार्मास्युटिकल बिरहाना रोड (अनमोल गुप्ता) और मोसाइको एजेंसीज कोपरगंज (अभिषेक शर्मा, मंजू शर्मा) के गोदामों में छापेमारी की गई। अनियमितताएं मिलने पर गोदाम सील किए गए थे। नशीली दवाएं बेचने में अग्रवाल बंधु संलिप्त
रोशन जैकब के निरीक्षण के दौरान अग्रवाल ब्रदर्स के गोदाम पर औषधियों के भण्डारण, व्यवस्था एवं रख-रखाव में अनियमितताएं पायी गयी। कई ब्राण्डों के कोडीनयुक्त कफ सीरप एवं अन्य नॉरकोटिक्स श्रेणी की दवाओं की भारी मात्रा में एक साथ भण्डारित पायी गई। प्रतिष्ठान से कम्प्यूटर को जान बूझकर हटा दिया गया। इसके अलावा फर्म मालिक भी मौके पर उपस्थित नहीं हुए, जिससे इनकी नॉरकोटिक्स श्रेणी की दवाओं के अवैध व्यवसाय में संलिप्तता दिख रही है। यहां भी मिली गड़बड़ी
इनके अलावा छापेमारी के दौरान सामने आया कि मेडिसना हेल्थकेयर और वेदांस फार्मास्युटिकल्स भी अग्रवाल ब्रदर्स से सम्बन्धित हैं। इनके द्वारा भी कोडीनयुक्त कॅफ सीरप एवं नॉरकोटिक्स श्रेणी की दवाओं के विक्रय में अनियमितताएं की गयी है। वहीं, मोसाईको एजेन्सीज, कोपरगंज में भी कोडीनयुक्त कफ सीरप के विक्रय में कई अनियमितताएं पायी गयीं। इस प्रकार इन चारों फर्मों पर अवैध व्यवसाय में संलिप्तता पाये जाने के चलते एनडीपीएस व बीएनएस में एफआईआर कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं। एनडीपीएस की धारा जुड़ेगी
इसके अलावा पूर्व में एएस हेल्थकेयर, बालाजी मेडिकल्स, मां दुर्गा मेडिकोज और आरएस हेल्थकेयर पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। समीक्षा में फर्मों पर कोडीनयुक्त कॅफ सीरप सहित नॉरकोटिक्स श्रेणी की दवाओं के भंडारण एवं विक्रय में पायी गयी अनियमितताओं के चलते पूर्व में दर्ज एफआईआर में एनडीपीएस की धाराएं जोड़ने के निर्देश दिए गए।