कानपुर में जैन मंदिर से 2 लाख की चोरी:चोरों ने लोहे का गुल्लक तोड़कर नगदी पार की, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के चोरों ने एक जैन मंदिर को निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर परिसर से लोहे का दानपात्र तोड़कर उसमें रखी लगभग 2 लाख रुपये की नकदी चुरा ली। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। कैंट बंगला नंबर-99 निवासी दीपक जैन ने बताया कि उनकी ‘जैन दादादाड़ी’ नामक संस्था है। सोमवार सुबह मंदिर में सफाई करने आए कर्मचारी ने उन्हें चोरी की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर दीपक जैन ने देखा कि लोहे का दानपात्र गायब था और लकड़ी का दानपात्र टूटा हुआ था। दीपक जैन ने बताया कि खोजबीन करने पर लोहे का दानपात्र मंदिर परिसर से करीब 10 मीटर दूर दीवार के पीछे टूटा हुआ मिला। उसमें रखी 2 लाख रुपये की नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। दीपक जैन ने अपने घर के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि दीपक जैन की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।