कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसमें 10 वर्षीय बच्ची समेत एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने कार की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना 11 फरवरी को हुई थी। घाटमपुर के चिल्ली गांव निवासी नरेंद्र सिंह, जो कैंट स्थित 7 एयर फोर्स स्कूल में कार्यरत हैं, ने बताया कि वह 11 फरवरी को अपने साथी आलोक मिश्रा की 10 वर्षीय भांजी वैष्णवी पाठक को स्कूटी से सैनिक चौराहा, गंगापुर कॉलोनी स्थित उसके घर छोड़ने जा रहे थे। आर्मी पब्लिक स्कूल कैंट के पास पुलिया पर पहुंचते ही सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने लहराते हुए उनकी स्कूटी को गलत दिशा से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेंद्र सिंह और पीछे बैठी वैष्णवी सड़क पर जा गिरे। नरेंद्र सिंह के बाएं हाथ में चोटें आईं, जबकि वैष्णवी की बाईं जांघ की हड्डी दो जगह से टूट गई। वैष्णवी को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज सेवेन एयरफोर्स अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हड्डी में रॉड और प्लेट डाली गई हैं। पीड़ित नरेंद्र सिंह ने अपनी चोटों के कारण तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा पाने की बात कही। कैंट थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मिले नंबर के आधार पर कार मालिक की जानकारी जुटा रही है और घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।