कानपुर में थाने से धक्का देकर भागा चोर:पुलिसवाले दौड़े, लेकिन पकड़ नहीं पाए; ज्वेलरी शॉप से 3 किलो चांदी चुराई थी

कानपुर में थाने से चोर होमगार्ड को धक्का देकर फरार हो गया। पुलिसकर्मी पीछे-पीछे भागे, लेकिन उसे पकड़ नहीं पाए। मामले का पता चलते ही DCP ने महिला कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया। इसके साथ ही महिला कॉन्स्टेबल, होमगार्ड और आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। चोर कल्लू उर्फ विशाल ने 14 दिसंबर को बालाजी ज्वेलर्स से 3 किलो चांदी चोरी की थी। गुरुवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान वह भाग गया। पूरा मामला गुजैनी थाने का है। जानिए पूरा मामला
गुरुवार दोपहर 2 बजे होमगार्ड राजकुमार आरोपी कल्लू को हवालात से निकालकर बाथरूम कराने के लिए ले जा रहा था। इसी बीच आरोपी ने अचानक होमगार्ड को धक्का दिया और थाने से भाग निकला। घटना का पता चलते ही डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ज्वेलरी शॉप चोरी के मामले में आरोपी कल्लू उर्फ विशाल की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। महिला कॉन्स्टेबल छवि, होमगार्ड राजकुमार और फरार आरोपी कल्लू के खिलाफ थाना प्रभारी राजन शर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई के लिए कमांडेंट को पत्र लिखा गया है। प्रारंभिक जांच में दरोगा सुभाष यादव की लापरवाही सामने आई है। मामले की जांच एसीपी नौबस्ता चित्रांशु गौतम को सौंपी गई है। 14 दिसंबर को शॉप से चांदी चोरी की थी
गुजैनी थाना क्षेत्र के गोपालपुरम सोसाइटी निवासी गौरव वर्मा की जरौली फेस-2 स्थित बालाजी ज्वेलर्स में 14 दिसंबर की देर रात चोरी हुई थी। तीन नकाबपोश चोरों ने शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। 36 मिनट में 3 किलो चांदी चुराकर ले गए थे। यह घटना CCTV में रिकॉर्ड हो गई थी। इसके आधार पर 20 दिसंबर को पुलिस ने गुजैनी गांव निवासी विशाल गुप्ता उर्फ मन्नू बिहारी और गुजैनी के मायापुरम कच्ची बस्ती निवासी करण को जेल भेज दिया था। वारदात में शामिल रहे अजय उर्फ बंटा और विशाल को 19 दिसंबर को जेल भेजा गया था। बर्रा थाना क्षेत्र के शिवाजी पुलिया के पास रहने वाला कल्लू उर्फ विशाल फरार चल रहा था, पुलिस उसकी तलाश में थी। गुरुवार को पुलिस ने कल्लू उर्फ विशाल को गिरफ्तार कर लिया था। ————————– ये खबर भी पढ़िए- सपा विधायक बोले- हमने चूड़ियां नहीं पहन रखीं: हसन रूमी ने कहा- ऐसा करके तो दिखाएं, भाजपा MLA ने कहा था- मस्जिद के बाहर बोटियां मिलेंगी कानपुर में BJP विधायक राहुल बच्चा सोनकर के मस्जिद को लेकर दिए गए बयान पर राजनीति गर्मा गई है। उनके बयान पर सपा ने आपत्ति जताई है। कैंट से सपा विधायक हसन रूमी ने भाजपा विधायक को चैलेंज किया है। कहा- भाजपा विधायक ऐसा करके तो दिखाएं। हम लोगों ने भी चूड़ियां नहीं पहनी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक ने थाने के अंदर दिया गया बयान आपत्तिजनक है। ये हेट स्पीच की श्रेणी में आता है। पुलिस प्रशासन को उनके खिलाफ एक्शन लेना चाहिए। भाजपा विधायक ने थाने के भीतर इस तरह का बयान देकर पूरे कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। पढ़ें पूरी खबर…