कानपुर सेंट्रल स्टेशन से 2 किमी दूर दिल्ली-प्रयागराज रेलवे ट्रैक किनारे बुधवार रात पांच किलो का गैस सिलेंडर जलता मिला। ट्रेन में सफर कर रहे यात्री की सूचना पर पुलिस और RPF की टीम मौके पर पहुंची। पास ही एक बैग पड़ा था, जिसमें कपड़े, बर्तन, झूला, मोबाइल, आधार कार्ड और अन्य सामान मिले हैं। आधार कार्ड प्रतापगढ़ के ओम प्रकाश मिश्रा (52) का है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यात्रा के दौरान बैग गिरने से सिलेंडर फटा होगा, जिससे उसमें आग लग गई। प्रयागराज जा रही महाबोधि एक्सप्रेस से बैग गिरने की आशंका है। ओमप्रकाश दिल्ली से गांव के लिए निकले थे
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया- डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से लगभग 2 किलोमीटर आगे एक सिलेंडर में आग लगी है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के आधार पर ओमप्रकाश मिश्रा से संपर्क करने किया तो उनके बेटे ने फोन उठाया। बेटे ने बताया कि ओमप्रकाश दिल्ली से प्रतापगढ़ के लिए निकले थे। वे शराब के आदी हैं और लगभग 7 हजार रुपए और सामान लेकर बिना बताए घर से चले गए थे। ओमप्रकाश मूलरूप से प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं और दिल्ली में अपने बेटे के पास सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। आशंका है कि बेटे से झगड़ा करके पूरा सामान समेटकर ओमप्रकाश गांव आ रहे होंगे, इसी दौरान उनका बैग गिर गया होगा। गैस लीक होने पर सिलेंडर फेंकने की भी आशंका
पुलिस के मुताबिक, चलती ट्रेन से बैग गिरने पर सिलेंडर फट गया होगा। या गैस लीक होने पर यात्रियों द्वारा सिलिंडर को ट्रेन से बाहर फेंक दिया गया होगा। ऐसी स्थिति में पत्थर से टकराकर सिलेंडर में छेद हो गया और आग लग गई। स्टेशन और आसपास के CCTV चेक कर रही पुलिस
पुलिस अफसरों के साथ एफएसएल टीम, जीआरपी और आरपीएफ, क्राइम ब्रांच जांच कर रही है। साजिश और शरारत के एंगल पर भी जांच की जा रही। घटना के बाद मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस को ओमप्रकाश का मोबाइल और अन्य दस्तावेज घटनास्थल से मिले हैं। आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने ओमप्रकाश मिश्रा की तलाश शुरू कर दी है। ट्रेन में सिलेंडर लेकर सफर करने के जुर्म में भी उन पर कार्रवाई हो सकती है। स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। यह बैग फेंका गया या फिर गिर गया, इसकी जांच की जा रही है। ——————— कानपुर में सालभर पहले भी सिलेंडर मिले थे, वो खबर पढ़िए- कानपुर में ट्रेन-उड़ाने की तीनों साजिश का एक ही पैटर्न: ATS-NIA जैसी एजेंसियां भी नहीं कर सकी खुलासा कानपुर में बार-बार रेलवे ट्रैक पर सिलेंडर रखने की साजिश में गुरुवार को पुलिस को बड़ी जानकारी हाथ लगी है। 2019 से लेकर अब तक तीन बार रेलवे ट्रैक पर रखे गए सिलेंडर के पीछे कोई एक ही व्यक्ति है। तीनों बार सिलेंडर के साथ एक लेटर भी मिला और तीनों बार लेटर में एक ही व्यक्ति और उसके नजदीकियों का नाम लिखकर उसे फंसाने की कोशिश की गई। जो बार-बार साजिश रच रहा है। पुलिस, एटीएस और एनआईए जैसी जांच एजेंसियां लाख मशक्कत के बाद भी साजिश रचने वाले तक नहीं पहुंच सकी। कानपुर पुलिस कमिश्नर ने आरोपियों का सुराग देने वाले को 1 लाख रुपए इनाम की घोषणा की है। पढ़ें पूरी खबर…