कानपुर में महिला ने साइंटिस्ट को चप्पलों से पीटा, VIDEO:बोली- मेरी बेटियों के वीडियो बना रहा था, मेरे साथ 2 साल तक रेप किया

कानपुर में एक महिला ने शनिवार को अपनी 2 बेटियों के साथ मिलकर सीनियर साइंटिस्ट की चप्पलों से पिटाई कर दी। महिला का आरोप है कि फोरेंसिक में तैनात साइंटिस्ट संतोष कुरील बेटियों के वीडियो बना रहा था। साथ ही कह रहा था कि सिविल कोर्ट में चल रहे दीवानी के मुकदमे में पैरवी करना बंद कर दो। महिला का कहना है कि 2 साल पहले जमीन के मामले में मदद का झांसा देकर साइंटिस्ट और उसके 2 दोस्तों ने मेरे साथ रेप किया। फिर डीएनए सैंपल से छेड़छाड़ कर क्लोजर रिपोर्ट लगा दी गई। उसी जमीनी विवाद में शनिवार को कोर्ट में तारीख थी। महिला अपनी बेटियों के साथ तारीख पर घाटमपुर तहसील पहुंची थी। साइंटिस्ट संतोष कुरील भी अपने साथियों की मदद के लिए तहसील पहुंचा था। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। अब जानिए पूरा मामला… घाटमपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने बताया- मेरे पति रेलवे में ग्रुप-D के कर्मचारी हैं। अभी वह भोपाल में तैनात हैं। सिविल कोर्ट में कैलाश नाम के व्यक्ति से जमीन को लेकर हमारा दीवानी मुकदमा चल रहा है। शनिवार को मैं अपनी 2 बेटियों के साथ कोर्ट में तारीख लेने आई थी। इसी दौरान कैलाश की मदद के लिए झांसी में तैनात फोरेंसिक विभाग के सीनियर साइंटिस्ट संतोष कुमार कुरील वहां आ पहुंचा। वह मेरी बेटियों का वीडियो बनाने लगा। जब मैंने वीडियो बनाने से मना किया, तो संतोष कुरील मुझसे गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान संतोष ने मुझे थप्पड़ भी मार दिया। इसके बाद महिला और उसकी बेटियों ने संतोष कुरील की जूते-चप्पलों से पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में थाने लेकर गई। एडिशनल एसपी बताकर झाड़ता रहा रौब
पुलिसकर्मी जब संतोष कुरील को पकड़कर थाने ले जा रहे थे, तो उसने खुद को एडिशनल एसपी बताकर उन पर रौब झाड़ने की कोशिश की। थाने के गेट पर पहुंचते ही उसने महिला से कहा- मैं एडिशनल एसपी हूं, तुम्हें जेल भिजवा दूंगा। इस पर महिला और उसकी बेटियों ने भी उसे खरी-खोटी सुना दी। वहीं, घाटमपुर थाने में इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने जब संतोष से उसकी तैनाती के बारे में पूछा, तो पहले उसने कुछ देर तक खुद को कन्नौज में तैनात बताया। लेकिन, जब इंस्पेक्टर ने फोरेंसिक रिपोर्ट से जुड़ा सवाल किया, तो उसने कहा कि वह झांसी में फोरेंसिक विभाग में सीनियर साइंटिस्ट है। इसके बाद उसकी असली पहचान सामने आ गई। दो साल पहले रेप के मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट बदलने का आरोप
महिला ने बताया- जमीन के मामले में मदद का झांसा देकर संतोष कुरील ने करीब 2 साल तक मेरे साथ रेप किया। एक दिन संतोष ने अपने साथियों कैलाश और अवधेश के साथ मिलकर भी मेरे साथ गैंगरेप किया था। इस मामले में घाटमपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था। पहले मेरी मेडिकल जांच हुई। उसके बाद ब्लड सैंपल डीएनए जांच के लिए लखनऊ की फोरेंसिक लैब भेजा गया था। महिला का आरोप है कि जांच के दौरान सैंपल का लिफाफा खुला मिला। डीएनए रिपोर्ट में छेड़छाड़ कर मामले में फाइनल रिपोर्ट (एफआर) लगवा दी गई। महिला का यह भी आरोप है कि संतोष कुरील लगातार उस पर मुकदमे की पैरवी न करने का दबाव बना रहा है। इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली थी। संबंधित व्यक्ति तहसील दिवस में शिकायत करने आया था। उस समय वह बेटियों के वीडियो भी दिखा रहा था। पूरे मामले की जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ————————– यह खबर भी पढ़ें ईंट-भट्‌ठे पर मजदूर का बेटा बना IAS, UPSC में 107वीं रैंक आई, रायबरेली में निकाला जुलूस, बोले- ऑनलाइन पढ़ाई की रायबरेली में ईंट-भट्‌ठे पर मजदूरी करने वाले रामदेव के बेटे विमल कुमार IAS बन गए हैं। उनकी UPSC में 107वीं रैंक आई है। सिलेक्शन की खुशी में विमल कुमार ने 7 किलोमीटर तक काफिले के साथ जुलूस निकाला। उनके काफिले में 12 कारें, डीजे और 50 से ज्यादा बाइकें शामिल थीं। लोगों ने जगह-जगह विमल का स्वागत किया और फूल-माला पहनाया। बेटे की सफलता से पिता रामदेव की भी आंखें भर आईं। पढ़ें पूरी खबर…