कानपुर में रविवार को क्वीर प्राइड परेड:प्रेसवार्ता में कहा -ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा में शामिल करने की मांग

कानपुर क्वीर वेलफेयर फाउंडेशन रविवार को ‘कानपुर क्वीर प्राइड परेड’ का आयोजन कर रहा है। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा की। प्रेस वार्ता को फाउंडेशन के संस्थापक अनुज पांडेय, राष्ट्रीय अध्यक्ष सलमा चौधरी, बिहार सरकार में दर्जा प्राप्त बिहार राज्य किन्नर समाज कल्याण मंत्री डॉ. राजन सिंह और सह-संस्थापक मोहम्मद एहसान अंसारी ने संबोधित किया। इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री डॉ. राजन सिंह ने बिहार सरकार पर ‘जंगलराज’ का आरोप लगाया और वर्तमान बिहार चुनाव में एनडीए की जीत का दावा किया। उन्होंने कांग्रेस पर ट्रांसजेंडर समुदाय के वोटों की ‘चोरी’ का आरोप भी लगाया। डॉ. सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह तक, सभी ने किन्नर समाज के हक और उनके वोट ‘चोरी’ किए हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण कांग्रेस आज सत्ता से बाहर है और यह ट्रांसजेंडरों की ‘बद्दुआ’ है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में ट्रांसजेंडर समुदाय की अनदेखी की, जिससे समुदाय मुख्यधारा में पिछड़ गया। उन्होंने आगे कहा कि भगवान राम ने सदैव किन्नर समुदाय को अपनाया और सम्मान दिया। इसी कारण किन्नरों का सम्मान करने वाली एनडीए सरकार आज सत्ता में है और आगे भी रहेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि एनडीए सरकार उनका समर्थन करती रहेगी और उनकी आवाज सुनी जाएगी। वहीं, फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सलमा चौधरी ने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि समुदाय की आवाज बनकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाए और नौकरियों के अवसर भी प्रदान किए जाएं। सलमा चौधरी ने बताया कि परेड में सैकड़ों-हजारों ट्रांसजेंडरों के जुटने की संभावना है। उन्होंने कहा कि समुदाय अपनी आवाज बुलंद करने के लिए एकजुट हो रहा है और रविवार को कानपुर में ईद और दिवाली जैसा समारोह मनाएगा।