कानपुर में 2 घरों में चोरी करने वाले 3 गिरफ्तार:लोडर समेत 8 लाख का माल बरामद, 100 CCTV खंगालकर चोरों तक पहुंची पुलिस

कानपुर में बर्रा क्षेत्र के दो घरों में ताबड़तोड़ लाखों की चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में दो टीनएजर्स शामिल हैं, जो दिन में गली-गली घूमकर ताला बंद घरों की रेकी करते थे। इसके बाद देर रात ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक एक घर में चोरी करने के बाद आरोपी गृहस्थी का सामान तक समेटकर लोडर में भरकर फरार हो गए थे। घटना के दौरान सीसीटीवी में लोडर का नंबर कैद हो गया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई और दोनों घरों में हुई लाखों की चोरी का खुलासा कर दिया। आरोपियों के पास से करीब 8 लाख रुपये का चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोडर बरामद किया गया है। तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 100 CCTV खंगालकर पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि 18 जनवरी को बर्रा-7 निवासी प्रदीप प्रजापति के बंद घर में लाखों की चोरी हुई थी। घटना के समय वह परिवार समेत भाई की शादी में शामिल होने के लिए कानपुर देहात के सिकंदर स्थित अपने पैतृक गांव कांधी गए थे। अगले दिन पड़ोसी विक्की ने उन्हें फोन कर चोरी की सूचना दी। घर पहुंचने पर पता चला कि जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान गायब है। इसी तरह बर्रा-4 निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर हर्षित चौहान के घर 16 फरवरी को चोरी की वारदात हुई थी। उस समय उनकी शिक्षिका मां बेटी को रीट परीक्षा दिलाने के लिए राजस्थान गई थीं और घर पर ताला लगा था। पड़ोसी ने फोन कर उन्हें चोरी की जानकारी दी थी। इस घटना में आरोपी पिकअप लगाकर सामान ले जाते हुए सीसीटीवी में कैद हो गए थे। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद पुलिस टीम ने तीनों शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया और चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया। पकड़े गए शातिर चोर विक्रम पर औरैया, कानपुर देहात, गुजैनी, नौबस्ता, बर्रा और रावतपुर थाने में चोरी समेत अन्य गंभीर तरह के 13 मुकदमें दर्ज हैं। जबकि आरोपित राजकश्यप पर लखनऊ के सरोजनी नगर व बर्रा समेत तीन मुकदमे हैं। इसके अलावा अंकित पर बर्रा थाने में दो मामले दर्ज हैं। पकड़ी गई पिकप आरोपित विक्रम की पत्नी के नाम पर हैं। आरोपितों से पूछताछ में उनके कुछ और साथियों के नाम सामने आए हैं। उनकी तलाश में टीमें लगाई है। आरोपितों के खिलाफ गैंग्स्टर एक्ट में भी कार्रवाई की जाएगी।