गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र के पैडलेगंज में चोरी का एक मामला सामने आया। अज्ञात चोरों ने कार का शीशा तोड़कर अंदर रखे 2.50 लाख रुपए चुरा कर फरार हो गए। कार चालक राजवंशी हॉस्पिटल के पास गाड़ी खड़ा कर पास की एक सैलून में शेविंग करवाने गया था। करीब आधे घंटे बाद वापस लौटा। गाड़ी के फ्रंट सीट का शीशा टूटा हुआ देख उसके होश उड़ गए। चेक करने पर पता चला कि अंदर रखा बैग गायब है। जिसमें लाखों रुपए थे। पीड़ित ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानिए पूरा मामला … जानकारी के अनुसार, बड़हलगंज के रहे वाले दिव्यांश शाही बुधवार को अपनी कार (UP53 EF0463) से पैडलेगंज स्थित राजवंशी हॉस्पिटल के सामने पहुंचे थे। शाम करीब 6:30 बजे उन्होंने कार सड़क किनारे खड़ी कर पास की एक सैलून में शेविंग कराने चले गए। करीब आधे घंटे बाद जब वह वापस लौटे तो कार का शीशा टूटा मिला और आगे सीट पर रखा उनका बैग गायब था। बैग में करीब ढाई लाख रुपये नकद रखे थे। यह नजारा देख वह घबरा गए। आसपास के लोगों से पूछा तो किसी इस घटना की जानकारी नहीं थी। शीशा किसने तोड़ा किसी ने नहीं देखा। घटना की सूचना पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पीड़ित की शिकायत पर कैंट थाने की पुलिस की ओर से सड़क पर लगे CCTV फुटेज चेक कर आरोपी का पता लगाया जा रहा है।