फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला की पहचान कमालगंज थाना क्षेत्र के चमन नगरिया गांव निवासी कांति देवी के रूप में हुई है। वह किसी काम से कमालगंज आई थीं और रेलवे स्टेशन के पास थीं, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। कांति देवी को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया है और मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।