कार में लिफ्ट देकर जेब से निकाले एक लाख रुपए:बहाना बनाकर रास्ते में उतारकर फरार, उधार रुपए लेकर लौट रहे थे

शाहजहांपुर में अज्ञात जेबकतरों ने एक राहगीर को लिफ्ट देकर उसकी जेब से एक लाख रुपये चोरी कर लिए। घटना के बाद आरोपी उसे बीच रास्ते में उतारकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव निवासी आनंद तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार को तिलहर के बंधीचक निवासी अखिलेश से एक लाख रुपये उधार लेकर अपने गांव लौट रहे थे। तिलहर से हथौड़ा चौराहा पहुंचकर वह सवारी का इंतजार कर रहे थे। कुछ देर बाद एक सफेद रंग की शिफ्ट डिजायर कार वहां रुकी। कार सवार अज्ञात लोगों ने आनंद से मोहम्मदी जाने का रास्ता पूछा और फिर उसे भी मोहम्मदी छोड़ने की पेशकश की। आनंद कार में बैठ गए। कार में पीछे बैठे एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पैंट की जेब काटकर उसमें रखे एक लाख रुपये निकाल लिए। बाद में उसे पिपरिया नहर के पास उतार दिया गया। आनंद तिवारी ने घटना के बाद 112 पर सूचना दी। तिलहर थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।