कार सवार ने महिला टीचर समेत 3 लोगों को रौंदा:लखनऊ में ऑटो ड्राइवर को पीटा, बचाने आए लोगों पर गाड़ी चढ़ाई

लखनऊ में कार सवार ने महिला टीचर समेत 3 लोगों को रौंद दिया। लोगों ने ईंट-पत्थर फेंककर रोकने की कोशिश की, तो वो कार छोड़कर गली में भाग गया। ओवरटेक को लेकर उसका ऑटो ड्राइवर से विवाद हुआ। इसके बाद वह कार रोककर ऑटो ड्राइवर को पीटने लगा। ऑटो वाले को बचाने पहुंचे तो लोगों पर आरोपी ने कार चढ़ा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। महिला टीचर की शिकायत पर कार को कब्जे में लेकर ड्राइवर पर केस दर्ज किया है। घटना शनिवार शाम 5 बजे बंथरा कस्बे की है। देखिए 3 तस्वीरें… अब सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम पढ़िए… ऑटो के आगे कार लगाई, ड्राइवर को पीटा प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, शनिवार शाम करीब 5 बजे बंथरा कस्बे में एक ऑटो के सामने आकर कार आड़ी-तिरछी खड़ी हो गई। कार से उतरे युवक ने ऑटो ड्राइवर से गलत ओवरटेक करने की बात करके गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते-देखते उसने ऑटो ड्राइवर की पिटाई शुरू कर दी। आसपास के लोग बीच-बचाव करने आ गए। वह लोगों पर भड़क गया। उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। काफी लोगों के जुटने पर आरोपी कार में सवार हो गया। अचानक लोगों पर चढ़ा दी कार कार सवार ने अचानक कार स्टार्ट की। लाेग जबतक कुछ समझ पाते उसने लोगों को रौंदना शुरू कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। हालांकि, कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाते हुए उसे पकड़ने की कोशिश शुरू की। उस पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू किया। इस पर उसने कार बैक की और भागने लगा। लोग ईं-पत्थर फेंकते हुए उसके पीछे भागे। लोगों से घिरता देखकर कुछ दूरी पर कार छोड़कर वह भाग गया। महिला टीचर समेत 3 लोग घायल कार की चपेट में आने से सरोजनीनगर के गौरी निवासी स्कूटी सवार शिक्षिका दिव्या वर्मा, बंथरा निवासी सुशील गुप्ता (50) और गुड्डू (55) घायल हो गए। उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह ने बताया- ओवरटेक को लेकर कार सवार का ऑटो चालक से विवाद हुआ था। लोग बीच-बचाव करने पहुंचे तो कार चालक ने उनसे भी मारपीट की। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। —————– यह खबर भी पढ़िए… ड्रग तस्कर संग VIDEO पर बाहुबली धनंजय ने चुप्पी तोड़ी:कहा- मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही, CBI जांच हो, योगी को लेटर लिखूंगा लखनऊ में गिरफ्तार ड्रग तस्कर अमित टाटा के साथ फोटो और VIDEO पर बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने सफाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। कहा- मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही। कोडीन मिक्स नशीली सिरप की तस्करी की CBI जांच करानी चाहिए। पूरी खबर पढ़ें