लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में युवती को पड़ोसी के रिश्तेदार ने साथियों के साथ मिलकर अगवा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर युवती की कनपटी पर पिस्टल रखकर अश्लील हरकत की। पुलिस से शिकायत करने पर गैंग रेप और जान से मारने की धमकी भी दी। कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। जिसके निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। चिनहट थानाक्षेत्र निवासी 23 साल की पीड़िता ने बताया कि उसके पड़ोस में विकास तिवारी का मकान है। आरोप है कि विकास का रिश्तेदार करनैलगंज पारसपुर गोंडा का रहने वाला शिवम दुबे वहां आता-जाता रहता है। पहले गाली दी फिर अगवा करने पहुंचा पीड़िता ने बताया कि 21 अगस्त को शिवम ने फोन कर अश्लील बातें कीं और गालियां देते हुए अगवा करने की धमकी दी। देर रात लगभग 11 बजे जब वह मटियारी से घर लौट रही थी तभी शिवम दो साथियों के साथ बिना नंबर प्लेट की काली स्कॉर्पियो से पहुंचा। उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश करने लगा। विरोध करने पर शिवम ने कनपटी पर पिस्टल लगा दी और साथियों संग अश्लील हरकतें करने लगा। अप्ट्रान पुलिस चौकी में शिकायत की किसी तरह वह खुद को छुड़ाकर अप्ट्रान पुलिस चौकी पहुंची और शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने कोर्ट में अर्जी दी। कोर्ट के आदेश पर पीड़िता का मुकदमा दर्ज हुआ। चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र पांडेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।