काशी में गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी, VIDEO:चिकन बिरयानी परोसी, हिंदू संगठन बोले- हडि्डयां नदी में फेंकीं; 14 गिरफ्तार

काशी में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी की गई। सोमवार को हुई इस पार्टी में आयोजकों ने रोजेदारों को फल और मेवे के साथ चिकन बिरयानी भी परोसी। साथ ही इफ्तार पार्टी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जल्द ही वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने लगा। वीडियो में चिकन बिरयानी की बात सामने आते ही भाजपा और हिंदूवादी संगठन भड़क गए। भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसके 8 घंटे के भीतर पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। 3 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला पढ़िए… काशी में गंगा नदी पर सोमवार शाम एक युवक ने रोजा इफ्तार का कार्यक्रम रखा। उसने रोजेदारों को गंगा घाट पर बुलाया। यहां एक बड़ी नाव पहले से बुक की गई थी। इसके बाद सभी लोग अस्सी घाट से नमो घाट तक नाव से गए। वहां नाव पर मौजूद रोजेदारों ने पहले नमाज पढ़ी। फिर खजूर और फल खाकर रोजा खोला। एक अन्य वीडियो में नाव पर बैठे लोग बड़े भगोने से कुछ निकालकर खाते दिखे। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने चिकन बिरयानी खाई। साथ ही उसकी हड्डियां गंगा में फेंक दीं। इस मामले को लेकर कोतवाली में लिखित शिकायत दी। उन्होंने कहा- मां गंगा सनातन धर्म अनुयायियों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। मां गंगा के जल का आचमन करने के लिए देश-विदेश से रोज लाखों श्रद्धालु आते हैं। गंगा की धारा में नाव पर बैठकर इफ्तार के समय चिकन बिरयानी खाना और उसके अवशेष गंगा में फेंकना निंदनीय है। शिकायत के साथ पुलिस को घटना का वीडियो भी साक्ष्य के रूप में दिया है। रजत जायसवाल ने कहा कि इससे सनातन अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। ऐसे काम से मुस्लिम समुदाय के युवाओं में जानबूझकर जिहादी मानसिकता बढ़ रही है। उन्होंने नाव चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उसका लाइसेंस निरस्त करने की भी मांग की। इफ्तार धार्मिक कार्य, कोई सैर या पिकनिक नहीं
अंजुमन इंतजामिया मसाजिद, बनारस के संयुक्त सचिव एसएम यासीन का कहना है कि कुछ जाहिल नाव पर रोजा इफ्तार कर रहे थे। इस्लाम में इसके लिए कहीं जगह नहीं है। इफ्तार एक शुद्ध धार्मिक कार्य है। यह कोई सैर या पिकनिक नहीं है। इफ्तार के बाद तुरंत मगरिब की नमाज जरूरी है। इन जाहिलों को इनके घरवालों ने क्या सिखाया है? इस्लाम को बदनाम करने का मौका दिया है। इस कृत्य की जितनी भी निंदा की जाए कम है। हम उम्मीद करते हैं कि आलिम भी इस विषय पर अपना विचार साझा करने की जहमत उठाएंगे। भाजपा और उनके कार्यकर्ताओं को ऐसा मौका आखिर इन जैसे जाहिल लोगों से ही तो मिलता है और वह मिल गया। ACP कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने कहा- भाजयुमो के रजत जायसवाल की ओर से शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। दो टीमें गठित कर आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी गई। अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई की जा रही है। ——————– ये खबर भी पढ़ें बैंक मैनेजर का हत्यारोपी बोला- महिलाओं के सामने डांटता था, आर्मी में था, हुक्म बर्दाश्त नहीं ‘मैंने आर्मी में रहकर 21 साल देश की सेवा की। बॉर्डर पर तैनात रहा। बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। छुट्टी मांगी तो छुट्टी के दिन भी कॉल करके मुझे डांटा। उम्र में 14 साल छोटा बैंक मैनेजर तू-तड़ाक से बोलता था। महिला कर्मचारी के सामने भी मुझे तेज आवाज में बुलाता था। ये बर्दाश्त नहीं हुआ। इसलिए हत्या कर दी।’ पढ़िए पूरी खबर