कासगंज में प्रसव से पहले जच्चा-बच्चा की मौत:जिला अस्पताल में महिला को मृत घोषित किया

कासगंज के अशोकनगर में प्रसव से पहले एक 24 वर्षीय महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मृत्यु हो गई। मृतका की पहचान अहरौली निवासी रीना देवी (पत्नी हुकुम सिंह) के रूप में हुई है, जो लगभग एक वर्ष से किराए के मकान में रह रही थीं। उन्हें गुरुवार सुबह करीब 11 बजे प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के अनुसार, शांता पुरी कॉलोनी निवासी आशा खुशबू ने रीना देवी को अशोकनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने शुरुआत में उनकी हालत सामान्य बताई थी। हालांकि, गुरुवार शाम को प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी। महिला को अशोकनगर सीएससी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रीना देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला के पति द्वारा अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।