कासगंज जिले के सोरों थाना क्षेत्र स्थित पिलो सराय गांव में शनिवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 बीघा जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार गरिमा सिंह के नेतृत्व में की गई। यह जमीन किसान अतराज सिंह की थी, जिस पर गांव के कुछ लोगों ने 10 साल से अधिक समय से अवैध कब्जा कर रखा था। अतराज सिंह ने अपनी जमीन वापस पाने के लिए एसडीएम कासगंज के न्यायालय में वाद दायर किया था, जिसका फैसला उनके पक्ष में आया।
न्यायालय के आदेश के बाद, नायब तहसीलदार गरिमा सिंह पुलिस और पीएसी की एक कंपनी के साथ मौके पर पहुंचीं। टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच जमीन को कब्जा मुक्त कराया और मौके पर ही पक्की पैमाइश कर किसान अतराज सिंह को उनकी जमीन का कब्जा सौंपा।