बदायूं में 10 दिनों से लापता किशोरी का कंकालनुमा शव गांव के बाहर सरसों के खेत में मिला है। धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए और मामले की जांच शुरू कर दी। एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। यह मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र के लहरा लाड़पुर गांव का है। गांव निवासी इकरार की बेटी सोनम 19 दिसंबर की रात करीब 12 बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह गांव के पास स्थित एक सरसों के खेत में अज्ञात किशोरी का कंकालनुमा शव पड़ा देख ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान को सूचना दी। प्रधान की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान सोनम के परिजन भी वहां पहुंचे और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान सोनम के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर अहम साक्ष्य जुटाए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। जिससे गला रेतकर हत्या की पुष्टि हुई है। सोनम का पोस्टमॉर्टम पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया गया। एसएचओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।