किसान का खेत में संदिग्ध हालत में शव मिला:उन्नाव में पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र के हाडहा गांव में बुधवार को एक किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय नन्हे पुत्र स्वर्गीय मधुर सोनकर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, नन्हे सुबह गेहूं की फसल की सिंचाई के लिए खेत में इंजन लेकर गए थे। बाद में जब एक परिजन खाना लेकर खेत पहुंचा, तो नन्हे वहां नहीं मिले। इंजन चालू था और कुछ दूरी पर पानी से भरे गड्ढे में नन्हे का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही बीघापुर सीओ मधुनाथ मिश्रा और अचलगंज थाना प्रभारी बृजेंद्र नाथ शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान और गर्दन पर जलने जैसे निशान पाए गए हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी बृजेंद्र नाथ शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजन घटना के बाद से गहरे सदमे में हैं।