कुएं में मिला युवक का शव:20 दिन से लापता था, पत्नी का पहले निधन हो चुका

मथुरा के थाना छाता क्षेत्र के गांव भदावल में मंगलवार शाम एक पुराने कुएं से युवक का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शव की स्थिति खराब होने के कारण शुरुआती पहचान मुश्किल थी। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव के फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए। करीब एक घंटे के भीतर ही फोटो वायरल होने पर युवक की पहचान भदावल निवासी रवि पुत्र दयाचंद के रूप में हुई। सीओ छाता भूषण वर्मा ने बताया कि मृतक रवि लगभग 20 दिन से लापता था। वह अक्सर वृंदावन में रहता था और कुछ समय पहले ही उसकी पत्नी का निधन हुआ था। परिजनों ने बताया कि वे उसे वृंदावन में मान रहे थे, इसलिए उसकी गुमशुदगी को गंभीरता से नहीं लिया था। मंगलवार शाम सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पुष्टि की। सीओ वर्मा के अनुसार, मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्राथमिक जांच में हत्या या मारपीट की आशंका नहीं दिख रही है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगा। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।