कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थानाक्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पहली घटना सिकटा-कप्तानगंज मार्ग पर बौलिया के पास हुई। कप्तानगंज के बंदेलीगंज निवासी 34 वर्षीय अजय विश्वकर्मा अपनी पत्नी के साथ बाइक से रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और फरार हो गया। इस हादसे में अजय गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस को सूचना दी। इसी दौरान कप्तानगंज से अपने घर लौट रहे राजमंदिर निवासी तहसील के अधिवक्ता इंद्रेश यादव ने घायल दंपति को अपनी कार से सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया और प्राथमिक उपचार कराया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर समाजसेवी मुलायम और साहेब आलम भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल अजय को एम्बुलेंस के जरिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भिजवाया। घायल का इलाज करने वाले चिकित्सक डॉ. उमेश चंद्र यादव ने बताया कि अजय के सिर में गंभीर चोट है और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी घाव हैं, इसलिए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं, दूसरी घटना में पचार निवासी 45 वर्षीय राजेश मिश्रा पुत्र विशंभर मिश्रा भी घायल हो गए। उन्हें भी सिर में चोट आई है। परिजनों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भी गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।