कुशीनगर में सड़क हादसे में दो की मौत, दो घायल:दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 3 बहनों के इकलौते भाई गई जान

कुशीनगर में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला कप्तानगंज थाना क्षेत्र का है। पहली दुर्घटना कप्तानगंज के गणेश चौक के पास सोहनी ईंट भट्टे के सामने हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में सेमरा छोटा टोला निवासी जितेंद्र सिंह (पुत्र छांगुर) की मौके पर ही मौत हो गई। जितेंद्र अपनी तीन बहनों के इकलौते भाई थे और उनकी शादी को मात्र एक वर्ष हुआ था। जितेंद्र के साथ बाइक पर सवार उनके मित्र कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गए। कृष्णा का आगामी 21 नवंबर को तिलक समारोह होना था। दोनों मित्र शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर सवार कसया थाना क्षेत्र के सिसवा महंत निवासी कृष्णानंद (35 ) भी घायल हुए। वह अपने ससुराल महराजगंज के कटहरी गांव जा रहे थे। घायलों को तत्काल सीएचसी कप्तानगंज ले जाया गया। जहां से उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया। बताया गया कि कसया निवासी कृष्णानंद को रेफर किए जाने के बाद पुलिस को उनके परिजनों का लगभग 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों के विरोध और सूचना पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद, एक सिपाही घायल को लेकर गोरखपुर रवाना हुआ और परिजनों को वहीं बुलाया गया। दूसरी दुर्घटना पटखौली गांव के पास हुई। इसमें बिहार के जरार (पश्चिमी चंपारण) निवासी नरेंद्र कुमार (32) की मौत हो गई। वह अपने साथी अजय कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक अर्टिगा कार (UP57 BJ 9730) ने उन्हें टक्कर मार दी। नरेंद्र कुमार बोदरवार की एक राइस मिल में मजदूरी करते थे। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन साल का बेटा है। पुलिस ने दोनों हादसों के मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटनाओं की जांच में जुटी है।